पूर्व शीर्ष सैन्य वकील समेत अमेरिका के पांच पूर्व अधिकारियों ने इस साल की शुरुआत में ईरान के एक स्कूल पर हुए घातक हमले में संभावित अमेरिकी भूमिका को स्वीकार न करने पर पेंटागन (अमेरिकी रक्षा मंत्रालय) की आलोचना की है.
इनमें से कुछ अधिकारियों ने कहा कि इतने लंबे समय बाद भी हमले की बुनियादी जानकारी तक जारी न करना बेहद असामान्य है.
ईरानी अधिकारियों के मुताबिक़ 28 फ़रवरी को अमेरिका-इसराइल युद्ध की शुरुआती कार्रवाई के दौरान मिनाब में एक प्राइमरी स्कूल पर मिसाइल गिरी, जिसमें क़रीब 110 बच्चों समेत 168 लोगों की मौत हुई.
इसके बाद बीते दो महीनों में पेंटागन ने सिर्फ़ इतना कहा है कि इस घटना की जांच जारी है.
मार्च की शुरुआत में अमेरिकी मीडिया ने ख़बर दी थी कि अमेरिकी सैन्य जांचकर्ताओं का मानना है कि शायद अमेरिकी बल अनजाने में स्कूल पर हमले के लिए ज़िम्मेदार थे, लेकिन वे अंतिम निष्कर्ष तक नहीं पहुंचे थे.
बीबीसी ने इस हमले और पारदर्शिता की कमी के आरोपों पर कई सवाल पूछे, जिस पर पेंटागन के एक अधिकारी ने कहा, “इस घटना की जांच जारी है.”
अधिकारियों ने कहा कि जैसे ही अधिक जानकारी उपलब्ध होगी, साझा की जाएगी.




