
संवाद सूत्र, बड़हिया (लखीसराय)। भागलपुर स्थित विक्रमशिला सेतु के रविवार रात क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद इसका सीधा असर लखीसराय जिले के एनएच-80 सहित बड़हिया क्षेत्र में देखने को मिल रहा है।
मुंगेर स्थित श्रीकृष्ण सेतु से भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगने के कारण एनएच-80 पर ट्रकों का दबाव काफी बढ़ गया है, जिससे बड़हिया बाजार में लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मुंगेर स्थित श्रीकृष्ण सेतु से केवल 20 टन तक भार वाले वाहनों को ही अनुमति दी गई है, जबकि इससे अधिक भार वाले वाहनों को बेगूसराय-सिमरिया सिक्स लेन, हाथीदह, मोकामा होते हुए डायवर्ट किया गया है।
इसके चलते अब बड़ी संख्या में भारी वाहन बड़हिया होकर गुजर रहे हैं। बड़हिया बाजार से गुजरने वाली एनएच-80 सड़क संकरी होने और मुख्य चौक पर 90 डिग्री मोड़ होने के कारण ट्रकों को मुड़ने में भारी परेशानी हो रही है। कई वाहन यहां घंटों फंस जाते हैं या खराब हो जा रहे हैं।
बाईपास मोड़ पर भी यही स्थिति बनी हुई है। स्थानीय दुकानदारों द्वारा सड़क पर किए गए अतिक्रमण, फल-सब्जी व अन्य दुकानों के फैलाव तथा ऑटो-ई-रिक्शा की अव्यवस्थित पार्किंग से सड़क और भी संकरी हो जाती है। इसके कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
श्रीकृष्ण चौक से लेकर लोहिया चौक, नागवती स्थान और बाहापुल तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। जाम के कारण आम यात्रियों के साथ-साथ एंबुलेंस और शादी-ब्याह के वाहन भी घंटों फंसे रहते हैं। प्रशासन द्वारा बाईपास मोड़ पर केवल एक होमगार्ड जवान की तैनाती की गई है, जिससे पूरी यातायात व्यवस्था का दबाव बढ़ गया है।
वहीं, श्रीकृष्ण चौक पर अब तक ट्रैफिक पुलिस की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। बड़हिया थानाध्यक्ष ने बताया कि जाम नियंत्रण के लिए पुलिस पदाधिकारियों को लगातार गश्त पर लगाया गया है, ताकि यातायात व्यवस्था को किसी तरह सुचारू रखा जा सके।




