नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के सलाहकार और राहुल गांधी के करीबी कांग्रेस के कद्दावर लीडर अहमद पटेल का आज बुधवार की सुबह बीमारी के चलते 71 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी राहुल गांधी प्रियंका गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के बड़े राजनेताओं ने दुख का इजहार किया है अहमद पटेल का निधन कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ा नुकसान है।

बता दें कि कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने बुधवार सुबह 3.30 बजे अंतिम सांस ली। जिस की जानकारी उनके बेटे फ़ैसल पटेल ने अपने ट्विटर देते हुए लिखा कि, “अपने सभी शुभचिंतकों से अनुरोध करता हूं कि इस वक्त कोरोना वायरस के नियमों का कड़ाई से पालन करें और सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर दृढ़ रहें और किसी भी सामूहिक आयोजन में जाने से बचें.”


मोहम्मद इशकजी पटेल और हवाबेन मोहम्मद भाई के घर 1949 में पैदा हुए अहमद पटेल के पिता भी कांग्रेस में थे। पिता भरूच तालुका पंचायत सदस्य थे और क्षेत्र के नामी नेता थे। अहमद पटेल को राजनीतिक करियर बनाने में पिता से बहुत मदद मिली, हालांकि उनके बच्चे राजनीति से बहुत दूर हैं। 1976 में अहमद पटेल ने मेमूना अहमद से शादी की। उनके दो बच्चे हुए। एक बेटा और बेटी, लेकिन दोनों कांग्रेस या किसी भी पार्टी की राजनीति से कोसों दूर हैं। उनके बेटे फ़ैसल पटेल ने ही ट्वीट कर पिता के निधन की जानकारी दी।

गुजरात से ताल्लुक रखने वाले अहमद पटेल तीन बार लोकसभा के लिए चुने गए तो 5 बार राज्यसभा के सांसद रहे. अगस्त 2018 में अहमद पटेल को कांग्रेस का कोषाध्याक्ष नियुक्त किया गया था। अहमद पटेल पहली बार 1977 में 26 साल की उम्र में भरूच से लोकसभा का चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। हमेशा पर्दे के पीछे से राजनीति करने वाले अहमद पटेल कांग्रेस परिवार के विश्वस्त नेताओं में गिने जाते थे। अहमद 1993 से राज्यसभा सांसद थे। हमेशा पर्दे के पीछे से राजनीति करने वाले अहमद पटेल कांग्रेस परिवार के विश्वस्त नेताओं में गिने जाते थे।

प्रधानमंत्री ने शोक जताते हुए ट्वीट किया, ‘अहमद पटेल जी के निधन से दुखी हूं। उन्होंने कई साल सार्वजनिक जीवन में समाज के लिए काम किया। उन्हें अपने तेज दिमाग के लिए जाना जाता था। कांग्रेस को मजबूत करने के लिए वे हमेशा याद किए जाएंगे। मैंने उनके बेटे फैजल से बात की है। उनकी आत्मा को शांति मिले।’


सोनिया ने शोक संदेश में लिखा कि ‘मैंने ऐसा सहयोगी खो दिया, जिसने अपनी पूरी जिंदगी कांग्रेस को समर्पित कर दी थी। उनकी विश्वसनीयता, काम के प्रति समर्पण, दूसरों की मदद करने जैसे गुण उन्हें दूसरों से अलग बनाते थे। उनकी क्षतिपूर्ति नहीं हो सकती। उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।’ वहीँ राहुल गांधी ने कहा, ‘आज दुखद दिन है। अहमद पटेल कांग्रेस पार्टी के स्तंभ थे। वे हमेशा पार्टी के लिए जिए और कठिन वक्त में हमेशा पार्टी के साथ खड़े रहे। हमेशा उनकी कमी खलेगी।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here