अमेरिकी राष्‍ट्रपति पद का चुनाव हारने के बाद डोनाल्ड ट्रंप को लेकर एक बड़ी खबर आ रही है। जिस के मुताबिक ट्रंप एक और बड़ी मुश्किल में फंस सकते हैं। राजनीतिक करियर में बड़ी हार झेलने के कुछ घंटों बाद पता चला है कि उनका परिवारिक जीवन भी मुश्किल में है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार ट्रंप की पत्नी उनसे अलग होने जा रही है, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रम्प जल्द ही उन्हें तलाक दे सकती हैं।

खबरों के मुताबिक मेलानिया अपने तलाक के लिए इंतज़ार कर रही है और कहा जा रहा है कि जैसे ही ट्रम्प व्हाइट हाउस से बाहर निकलेंगे, वह अपनी 15 साल पुरानी शादी को खत्म कर देंगी। कोई और नहीं बल्कि ये चौंकाने वाला दावा ट्रंप प्रशासन के एक पूर्व सहयोगी कर रहे हैं । कहा जा रहा है कि दोनों के बीच शादी लगभग खत्म हो चुकी है। मेल टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, मेलानिया के पूर्व साथी स्टेफनी ने दावा किया है कि मेलानिया, ट्रम्प से शादी के बाद से समझौता करने के बारे में बात कर रही है और उसका बेटा ट्रम्प की संपत्ति में बराबर की हिस्सेदारी की बात कर रहा है। वह यहां तक ​​कह गए कि व्हाइट हाउस में दोनों के अलग बेडरूम हैं।

ट्रम्प और मेलानिया के बीच प्रेम कहानी 1998 में शुरू हुई जब ट्रम्प 52 और मेलानिया 28 वर्ष के थे। दोनों न्यूयॉर्क फैशन शो के बाद एक पार्टी में मिले। इस जोड़ी ने 2005 में शादी की। ट्रम्प की पहली पत्नी इवान जिलेंकोवा थी, जो चेकोस्लोवाकिया की एक एथलीट थी और उनकी बेटी इवाना ट्रम्प थी। 1990 में दोनों का तलाक हो गया और ट्रम्प ने 1993 में मार्ला मेपल्स से दोबारा शादी कर ली और 1999 में अलग हो गए। उनकी एक बेटी टिफ़नी है।

वहीं एक अन्य पूर्व सहयोगी ओमारोजा मैनिगॉल्ट न्यूमैन ने दावा किया कि इनकी 15 साल की शादी खत्म हो गई है। उन्‍होंने कहा, ‘मेलानिया हर गुजरता मिनट गिन रही हैं। उनकी शादी एक सौदा थी अब इंतज़ार यह है कि ट्रंप ऑफिस से बाहर हों और वह उनसे तलाक लें।’ हालांकि मेलानिया कहती रही हैं कि उनके और उनके पति ट्रंप (74) के बीच के रिश्‍ते बहुत अच्‍छे हैं। हालांकि कई ऐसे मौके आए जब सार्वजनिक तौर पर उनके रिश्‍तों का ठंडापन साफ नजर आया।

कौन हैं मेलानिया:
मेलानिया का जन्म 1970 में यूगोस्लाविया में हुआ था। वह छठे अमेरिकी राष्ट्रपति (1825-29) जॉन क्विंसी एडम्स की पत्नी लूसिया एडम्स के बाद पहली ऐसी यूएस फर्स्ट लेडी बनीं, जिसका जन्म अमेरिका से बाहर हुआ। मेलानिया के पिता एक कार व्यापारी थे और मां अमलिजा नुवास बच्चों के कपड़े डिजाइन करती थीं।

मेलानिया पूर्व स्लोवेनियाई मॉडल हैं। उन्होंने 16 साल की उम्र में अपने मॉडलिंग करियर की शुरुआत की थी। मेलानिया ट्रंप कई भाषाओं की जानकार हैं। वह अंग्रेजी, स्लोवेनियाई, फ्रेंच, सर्बियन, इटालियन और जर्मन भाषाएं जानती हैं। उनके अपने ज्वैलरी और स्किनकेयर ब्रांड भी हैं। मेलानिया और डोनाल्ड ट्रंप की पहली मुलाकात 1998 में न्यूयॉर्क में हुई थी। 2005 में फ्लोरिडा में दोनों ने शादी कर ली। ट्रंप- मेलानिया का एक बेटा है, जिसका नाम बैरोन है। बैरोन का जन्म 2006 में हुआ था। बता दें कि मेलानिया डोनाल्ड ट्रंप की तीसरी पत्नी हैं। उन्होंने मार्च 2001 में ग्रीन कार्ड प्राप्त किया और 2006 में अमेरिकी नागरिक बन गईं।

मेलानिया ट्रंप की संपत्ति को लेकर अभी तक सही आंकड़े किसी के पास नहीं हैं। हालांकि, कुछ अंतरराष्ट्रीय वेबसाइट्स के मुताबिक, कुछ महीनों पहले तक उनकी नेट वर्थ तकरीबन 50 मिलियन डॉलर थी। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या मेलानिया वास्तव में डोनाल्ड ट्रंप को छोड़ने जा रही हैं, या यह दावा महज अफवाह है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here