जिस तरह चिलचिलाती गर्मी में आम खाने का अलग ही स्वाद और मजा होता है, ठीक उसी तरह बरसात में जामुन खाने का। जामुन तो लगभग सभी लोग खाते होंगे, लेकिन इसके गुणों और फायदों के बारे में शायद सभी को पूरी जानकारी नहीं होगी। आज हम आपको जामुन और इसकी गुठली के बेजोड़ फायदों के बारे में बताएंगे। लेकिन पहले ये जान लें कि जामुन को दुनियाभर में अलग-अलग नामों से जाना जाता है। जैसे कि जम्बुल, ब्लैक प्लम, जावा प्लम या फिर जैम्बलैंग।

डायबीटीज के मरीजों के लिए जामुन के साथ-साथ उसकी गुठली एक बेहतरीन औषधि है। मरीज रोजाना जामुन खाने के अलावा उसकी गुठली के चूर्ण का सेवन भी कर सकते हैं। इसके लिए जामुन की गुठली को सुखाकर पीस लें और उस चूर्ण को रोजाना एक गिलास पानी के साथ लें।

जामुन में भरपूर मात्रा में आयरन होता है जो खून को साफ करने और बढ़ाने में मदद करता है। इसके अलावा यह डायरिया, अपचन जैसी पेट संबंधी समस्याओं से निजात दिलाने में भी मदद करता है।

आपको शायद यकीन न हो लेकिन जामुन बढ़ते वजन से परेशान लोगों के लिए बेहद फायदेमंद है। चूंकि इसमें काफी कम कैलरी होती हैं इसलिए यह वजन कम करने में भी सहायक है।

जामुन को कैंसर के इलाज में भी कारगर माना गया है। साल 2005 में आयी एक स्टडी में दावा किया गया था कि जामुन में कैंसर प्रतिरोधी और कीमोप्रिवेंटिव तत्व होते हैं जो शरीर से फ्री रैडिकल्स को निकालने में मदद करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here